लेहरा शाख नहर पर अतिक्रमण से किसानों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
चकिया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच किसान विकास मंच के संगठन मंत्री एवं सलाहकार अनिल कुमार सिंह ने राइट कैनाल की लेहरा शाख नहर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नहर की बदहाल स्थिति और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर मंच के पदाधिकारियों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नहर को अतिक्रमण मुक्त कर साफ-सफाई नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पहाड़पुर गांव के सामने लेहरा शाख नहर पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है। नहर के भीतर कई स्थानों पर पेड़, सरपत और झाड़ीनुमा खरपतवार उग आए हैं। इसके अलावा नहर में बेहया भी काफी दूर तक फैला हुआ है, जिससे पानी का बहाव बाधित हो रहा है। किसान विकास मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारी नहर की नियमित मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

किसानों ने बताया कि नहर पर हो रहे अतिक्रमण का असर आसपास के गांवों पर साफ दिखाई दे रहा है। पहाड़पुर, मसोई, हड़ौरा, जिगिना, अमांव समेत कई गांवों का पानी बरसात के मौसम में नहीं निकल पाता। गांव के तालाबों का पानी भी नहर में निकासी न होने के कारण जमा रहता है, जिससे खेतों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है और फसलें बर्बाद होने लगती हैं।
किसान नेताओं ने कहा कि धान की कटाई के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। खेतों में पानी भरा रहने के कारण बड़े हार्वेस्टर मशीनें नहीं चल पातीं और खेतों में धंस जाती हैं। मजबूरन किसानों को चैन कंबाइन से महंगी कटाई करानी पड़ती है। इसके अलावा खेत देर तक गीले रहने से अगली फसल की बुआई भी समय पर नहीं हो पाती, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
मंच के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि नहर के टेल तक पानी समय से नहीं पहुंच पाता, जिससे अंतिम छोर के किसानों की सिंचाई प्रभावित होती है। संगठन मंत्री अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार से फोन पर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
निरीक्षण के बाद किसान विकास मंच के पदाधिकारियों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता राकेश तिवारी और अवर अभियंता हीरा लाल को चेतावनी दी। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले नहर को अतिक्रमण मुक्त कर उसकी पूरी सफाई कराई जाए, अन्यथा किसान विकास मंच जिलाधिकारी से शिकायत करेगा और कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि किसान अपनी खेती के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन भी किया जाएगा।
वहीं अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने आश्वासन दिया कि मामले को जल्द देखा जाएगा और जेसीबी मशीन लगाकर नहर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई जाएगी।




