चंदौली में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, ‘पोटाश’ के डिब्बों में छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी 2224 लीटर शराब
चंदौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने एनएच-2 हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक आइसर ट्रक और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने पांच अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, सात मई की रात थाना सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली कि चंडीगढ़ से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब ट्रक के जरिए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे पर ग्राम जेठमलपुर तिराहा और सम्राट होटल के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।
करीब सात से दस मिनट बाद एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी और उसके पीछे एक आइसर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान फॉर्च्यूनर में चार लोग सवार मिले, जबकि ट्रक में लकड़ी के बुरादे के बीच टीन के डिब्बों में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।
‘पोटाश’ लिखकर बनाई गई थी कोडिंग
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की खेप को बेहद शातिर तरीके से छिपाया था। टीन के डिब्बों पर “पोटाश” लिखकर उन्हें सामान्य माल की तरह दिखाया गया था। शराब की छोटी प्लास्टिक बोतलों और बड़ी शीशियों को लकड़ी के बुरादे के बीच रखा गया था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो।
पुलिस ने जब ट्रक की पूरी तलाशी ली तो कुल 167 टीन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। इनमें रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड की बोतलें शामिल थीं।
बिहार भेजी जानी थी शराब की खेप
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी। खेप को बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग तक पहुंचाया जाना था। तस्करों ने बताया कि फॉर्च्यूनर गाड़ी ट्रक को रास्ते में ‘पास’ कराने और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे-आगे चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं। इनमें देवेन्द्र सिंह को पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त
संदीप कुमार पुत्र रामेहर, निवासी रोहतक, हरियाणा
सुमित सिंह पुत्र रणधीर सिंह, निवासी पानीपत, हरियाणा
साजन राठौर पुत्र भंवर लाल, निवासी नीमच, मध्य प्रदेश
देवेन्द्र सिंह पुत्र रणवीर सिंह, निवासी रोहतक, हरियाणा
अनिल कुमार पंचाल पुत्र सोमपाल, निवासी पानीपत, हरियाणा
बरामदगी का विवरण
कुल अवैध अंग्रेजी शराब – 2224.44 लीटर
अनुमानित कीमत – करीब 22.50 लाख रुपये
रॉयल चैलेंज ब्रांड – 1438.56 लीटर
ऑल सीजन ब्रांड – 785.88 लीटर
कुल 167 टीन के डिब्बे
एक आइसर ट्रक (GJ 14Z 5585)
एक फॉर्च्यूनर गाड़ी (HR 12 AF 0056)
छह मोबाइल फोन और 5030 रुपये नकद
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 और 63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि जनपद में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




