आंधी के कहर से बाबा बनवारी दास आश्रम क्षतिग्रस्त, टीन शेड उखड़ा
चकिया : क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। क्षेत्र के लतीफशाह स्थित बाबा बनवारी दास आश्रम परिसर में लगा टीन शेड छज्जा व दीवार तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और पूरी तरह धराशाई हो गया। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि आश्रम परिसर की एक दीवार भी भरभराकर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय अचानक मौसम बदला और तेज धूलभरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में तेज हवाओं ने विकराल रूप ले लिया। आश्रम परिसर में लगा बड़ा टीन शेड हवा के झोंकों से उखड़कर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं पास की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर ढह गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां अधिक लोग मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज तूफान के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर गईं और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बाबा बनवारी दास आश्रम में हुए नुकसान को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंधी-तूफान के दौरान यदि आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आश्रम परिसर में गिरे टीन शेड और मलबे को हटाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।




