बार-बार फुंक रहे ट्रांसफार्मर से भड़के ग्रामीण, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
इलिया (चंदौली)। क्षेत्र के मनकपड़ा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। गांव में एक महीने के भीतर दूसरी बार 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को रातें जागकर बितानी पड़ रही हैं, वहीं पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब एक महीने पहले भी गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। उस समय विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाने का दावा किया गया था, लेकिन लगाया गया ट्रांसफार्मर भी कुछ ही दिनों में जवाब दे गया। अब एक सप्ताह पूर्व लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक जल गया, जिससे गांव अंधेरे में डूब गया है। लगातार ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग नए ट्रांसफार्मर की जगह पुराने और जर्जर ट्रांसफार्मर लगाकर खानापूर्ति कर रहा है। यही कारण है कि ट्रांसफार्मर कुछ ही दिनों में जल जा रहे हैं और गांव में बार-बार बिजली संकट उत्पन्न हो रहा है। उपभोक्ता अयोध्या प्रसाद, पारस पाण्डेय, कमलेश पाण्डेय और राजवंश ने बताया कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सही क्षमता और गुणवत्ता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए तो बार-बार यह समस्या उत्पन्न न हो।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। गर्मी और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रात के समय पंखे और कूलर बंद होने से लोग छतों और बाहर खुले में रात गुजारने को मजबूर हैं। वहीं बिजली न होने से पानी की मोटरें भी बंद पड़ी हैं, जिससे पेयजल संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को दूर-दराज के हैंडपंपों और कुओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई गई है और तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है। बावजूद इसके अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नया और गुणवत्तापूर्ण ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है, जबकि समस्या जस की तस बनी रहती है।
इस संबंध में एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग को मिल चुकी है। विभागीय टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है तथा जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जल्द राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।



