दो दिनों से लापता किशोर का नदी किनारे मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
चकिया चंदौली। मंगरौर नदी के पास कर्मनाशा नदी किनारे सोमवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार राज्य के कैमूर जनपद अंतर्गत चांद थाना क्षेत्र निवासी रामप्रवेश मौर्य के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही चकिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए कर्मनाशा नदी की ओर गए थे। इसी दौरान नदी किनारे एक किशोर का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार मृतक रामप्रवेश मौर्य पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। बताया गया कि उसे आखिरी बार मंगरौर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था। सोमवार सुबह अचानक शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टिक नदी में डूबने से मौत की बात कही जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। परिजनों को सूचना दिया जा चुका है। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।




