शिकायत मिलते ही हरकत में आए एसपी, उपनिरीक्षक पर गिरी गाज
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार के खिलाफ एक आवेदक ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि 20 मई 2026 को शाम करीब चार बजे कुछ लोगों ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया था। घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद संबंधित उपनिरीक्षक द्वारा मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि उपनिरीक्षक ने घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को देने और एफआईआर दर्ज कराने के बजाय पीड़ित पर दबाव बनाया कि वह चोरी या छिनैती की बात न कहकर केवल मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया।
विभागीय आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान उपनिरीक्षक संजय कुमार पुलिस लाइन चंदौली से संबद्ध रहेंगे। वहीं पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों पर समय से उचित कानूनी कार्रवाई न करना और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले अधिकारी या कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




