पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी
शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के परासीकला गांव में एक महिला के साथ कथित छेड़खानी और घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत आठ नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपित आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसके बाद सभी लोग उसके घर में घुस आए और महिला समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान परिवार के लोगों को चोटें भी आईं और घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़िता के अनुसार शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान सहित आठ नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस साक्ष्य जुटाने और घटना की सत्यता की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




