वन विभाग व पुलिस की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप, आरोपित फरार
चकिया (चंदौली)। चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छुछांढ़ पहाड़ी पर शनिवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्रेन, एक ट्रक तथा कंप्रेसर युक्त एक ट्रैक्टर को बरामद कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में लगे लोग मौके से फरार हो गए। संयुक्त टीम ने जब्त वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि छुछांढ़ पहाड़ी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से पहाड़ी खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रणनीति बनाकर छापेमारी की। टीम के अचानक पहुंचने पर खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे वाहन छोड़कर जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों की ओर भाग निकले। मौके पर खनन में प्रयुक्त एक क्रेन, एक ट्रक और कंप्रेसर युक्त ट्रैक्टर खड़ा मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध खनन से पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचती है। इसके साथ ही वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों का भी नुकसान होता है। शासन के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त अभियान में चंद्रप्रभा रेंज के रेंजर अखिलेश दुबे, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, राजदरी-देवदरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषु चौबे, थाना प्रभारी चकिया अर्जुन सिंह, थाना प्रभारी शहाबगंज कृपेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी इलिया चंदन राय, उपनिरीक्षक खुशबू यादव सहित पुलिस एवं वन विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।
रेंजर अखिलेश दुबे ने बताया कि छुछांढ़ पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई की गई है। मौके से खनन में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। मामले की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




