वनांचल के ताला तेनुई गांव के होनहार छात्र की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर
इलिया (चंदौली)। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े छात्र प्रियांशु राव ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसकी हर विद्यार्थी कामना करता है। वनांचल क्षेत्र के ताला तेनुई गांव निवासी प्रियांशु राव ने संयुक्त पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे चंदौली जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्रियांशु की सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बीच रहकर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके पिता रामप्रकाश ताला तेनुई स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता अर्चना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती हैं। दोनों ने आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद अपने पुत्र की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। माता-पिता के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि आज उनका पुत्र प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ा रहा है।
प्रियांशु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने शुरू से ही लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित ढंग से तैयारी की। प्रतिदिन निर्धारित समय तक पढ़ाई करने, विषयों की गहन समझ विकसित करने और आत्मविश्वास बनाए रखने से उन्हें यह सफलता मिली। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी पूरी निष्ठा और लगन के साथ मेहनत करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि वनांचल क्षेत्र में आज भी शिक्षा के संसाधन बड़े शहरों की तुलना में सीमित हैं, लेकिन प्रियांशु ने यह साबित कर दिया है कि सफलता सुविधाओं से नहीं बल्कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलती है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
प्रियांशु की सफलता की खबर मिलते ही गांव में बधाइयों का तांता लग गया। लोगों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील कुमार, डॉ. रत्नेश कुमार, लालवरत सिंह यादव, प्रमोद सिंह मौर्य सहित शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने प्रियांशु राव को बधाई देते हुए उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।



