बजहां ने मढ़हर को 45 रन से हराया
हार-जीत खेल का हिस्सा- आनंद प्रताप सिंह
शहाबगंज (चंदौली)।
क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में बजरंग इलेवन स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में बुधवार को जिला स्तरीय कैनवस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।इस दौरान खेल मैदान में उत्साह,उमंग और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।उद्घाटन समारोह के दौरान देशभक्ति गीतों, तालियों की गड़गड़ाहट और खेल प्रेमियों के उत्साह से पूरा मैदान गूंज उठा।आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य लोगों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।गांवों के युवा खिलाड़ियों में अपार क्षमता और जुनून है,लेकिन उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।

।उन्होंने कहा कि बजरंग इलेवन स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित यह जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है।आगे कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है।इससे अनुशासन,संघर्ष, आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए, क्योंकि खेल उन्हें नशा,अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का काम करते हैं। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ भाईचारा और सौहार्द भी बढ़ाते हैं।हार और जीत खेल का हिस्सा हैं,इसलिए खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बजहां (बबुरी) और मढ़हर की टीमों के बीच खेला गया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बजहां की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 170 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी मढ़हर की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रयास किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 125 रन ही बना सकी।इस प्रकार बजहां की टीम ने 45 रन के अंतर से शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता में विजयी आगाज़ किया।बजहां के बल्लेबाज मोनू पांडेय ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए सर्वाधिक 50 रन बनाए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया,जिसकी उपस्थित खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्रिकेट प्रेमियों की उपस्थिति रही।इस अवसर पर लिटिल सिंह,जोखन गिरी,मुलायम सिंह यादव,आनंद पटेल,प्रिंस पटेल,ईश्वर पटेल,मनीष पटेल,अमन गिरी,पवन यादव,रोहित मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद थे।




