ग्रामीणों ने माला पहनाकर किया सम्मानित
शहाबगंज,चंदौली।
विकास खंड के भरुहियां गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र नागेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा अग्निवीर की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर महाराष्ट्र के अहिल्या नगर स्थित प्रशिक्षण केंद्र से अपने गांव पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र में उनकी सफलता को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है।

सतीश कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की। बचपन से ही उनमें देश सेवा का जज्बा था। कठिन मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल की और ट्रेनिंग पूरी कर अपने गांव लौटे। उनकी इस उपलब्धि से गांव के युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
गांव पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार ने सतीश कुमार को अंगवस्त्र, फूल-माला पहनाकर तथा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सतीश कुमार ने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और गांव के युवाओं को भी सतीश से प्रेरणा लेनी चाहिए।
सम्मान समारोह के दौरान ग्रामीणों और युवाओं ने भी सतीश कुमार का स्वागत किया तथा मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। लोगों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सतीश ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर सतीश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ देश सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने युवाओं से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की। सतीश कुमार की इस उपलब्धि से गांव में उत्साह का माहौल है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।




