क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक से 22.50 लाख रुपये का गांजा बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। थाना अलीनगर पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार और एक डीसीएम मिनी ट्रक से गांजे की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस ने मौके से चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से अवैध गांजे की खेप डीसीएम ट्रक में लादकर राजस्थान और दिल्ली ले जाई जा रही है। तस्करों की मदद के लिए एक क्रेटा कार आगे-आगे पायलटिंग कर रही थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में थाना अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 किलोग्राम गांजे के बंडल बरामद हुए। इस प्रकार कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों में राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी काशीराम, बिहार के अरवल निवासी मनोज कुमार, दिल्ली के रोहिणी निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार तथा ओडिशा के कंधमाल निवासी सुशांत कुमार दिग्गल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना अलीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। बरामदगी में प्रयुक्त क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।




