मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
चकिया चंदौली। कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने शनिवार को मवेशी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि उसके चार अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार 25 जुलाई 2026 को कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के बमहोरा नाका गांव में नीले रंग की एक मैजिक वाहन से कुछ संदिग्ध लोग पहुंचे थे। ग्रामीणों को उन पर शक होने और जाग हो जाने के कारण वे मवेशी चोरी की योजना को अंजाम नहीं दे सके और वाहन से तेजी से भाग निकले। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने तत्काल चकिया पुलिस को अलर्ट किया।

उस समय थाना प्रभारी चकिया एसओजी टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश और गश्त पर थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध मैजिक वाहन की तलाश शुरू कर दी। गरला के आगे पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को ओवरटेक करते हुए रोक लिया।

वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास, जिले एवं आसपास के जनपदों में हुई मवेशी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता तथा गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में मवेशी चोरी, संगठित अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की ओर से आरोपियों के नाम, बरामद हथियार, वाहन का नंबर और बरामदगी का पूरा विवरण जारी होने के बाद खबर को और अपडेट किया जाएगा।
उक्त के सन्दर्भ में क्षेत्राधिकारी चकिया का वक्तव्य




