शनिवार को आवास पर पहुंचकर शिक्षक प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण व मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं, उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत
चंदौली एक्सप्रेस | चकिया
प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू में चयनित होने पर शाश्वत कुमार सिंह के आवास पर शिक्षक प्रतिनिधियों ने पहुंचकर उनका भव्य सम्मान किया। इस दौरान शिक्षकों ने माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
शाश्वत कुमार सिंह, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह एवं प्राथमिक विद्यालय मंगरौर में कार्यरत शिक्षामित्र श्रीमती सरोज सिंह के सुपुत्र हैं। उनके आईआईटी जम्मू में चयन की सूचना मिलते ही शिक्षा जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनके आवास पर पहुंचे शिक्षक प्रतिनिधियों ने परिवार को बधाई देते हुए कहा कि शाश्वत की यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में चयनित होना पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है।

शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि शाश्वत कुमार सिंह की उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि शाश्वत भविष्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे तथा अपने माता-पिता, परिवार, समाज और जनपद चंदौली का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
सम्मान समारोह में शिक्षक प्रतिनिधि नरेंद्र प्रताप सिंह, गंगाधर गोपाल, राजेश यादव, इमरान अली, दीनदयाल सिंह, राजीव कुमार सिंह, नवीन प्रताप सिंह, महेंद्र यादव, विवेक सिंह, सदानंद दुबे, महेंद्र मौर्य, ओम प्रकाश मौर्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने शाश्वत कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।




