चंदौली पुलिस ने गैंग नंबर 95 के तहत की कार्रवाई, अमन सिंह उर्फ शुभम सिंह को बताया गैंग लीडर
चंदौली।
जिले में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चंदौली पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना चंदौली पुलिस ने जान से मारने की नीयत से हमला करने, मारपीट, तोड़फोड़ और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता के आरोपों के मद्देनजर छह लोगों के गिरोह का गैंग पंजीकरण कराया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का जनपद स्तर पर गैंग नंबर 95 दर्ज किया गया है। गिरोह का सरगना अमन सिंह उर्फ शुभम सिंह बताया गया है।पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों में शामिल इस गिरोह की निगरानी और उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से अभिसूचना संकलन के बाद गैंग पंजीकरण की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बनने की शिकायतें सामने आई हैं।
मझवार के चार लोगों के नाम शामिल
पंजीकृत गिरोह में मझवार निवासी अमन सिंह उर्फ शुभम सिंह (27), शुभम पांडेय (31), रितेश सिंह उर्फ रिशू सिंह (26) और सिद्धार्थ सिंह उर्फ आर्यन सिंह (23) के नाम शामिल हैं। इनके अलावा मौहुजी गांव निवासी विक्रांत सिंह (24) और भोजापुर निवासी सौरभ सिंह (29) को भी गिरोह का सदस्य बताया गया है। सभी की उम्र पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार है।
सरगना पर 10 मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर अमन सिंह उर्फ शुभम सिंह के विरुद्ध कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, धमकी, मारपीट और अन्य गंभीर आरोपों से संबंधित मामले शामिल हैं।
शुभम पांडेय के विरुद्ध पांच, रितेश सिंह उर्फ रिशू सिंह के विरुद्ध आठ, सिद्धार्थ सिंह उर्फ आर्यन सिंह के विरुद्ध छह, विक्रांत सिंह के विरुद्ध तीन और सौरभ सिंह के विरुद्ध दो अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।पुलिस विज्ञप्ति में वर्ष 2025 और 2026 के मुकदमों के साथ पूर्व के वर्षों में दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे भी शामिल हैं।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
गैंग पंजीकरण की कार्रवाई थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस के अनुसार, गिरोह की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।




