ठेकहां में गूंजा देशभक्ति का स्वर,शहीद धर्मदेव गुप्ता को कैंडल मार्च से किया नम
शहाबगंज (चंदौली)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर 3 अप्रैल 2021में हुए नक्सली हमले में शहीद सीआरपीएफ जवान धर्मदेव गुप्ता की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव ठेकहां में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर गांव से शहाबगंज कस्बा व बस स्टैंड तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जज्बा
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने “भारत माता की जय” और “शहीद धर्मदेव गुप्ता अमर रहें” के नारों से माहौल गूंजा दिया। यात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हुए और शहीद को नमन किया।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह मय फोर्स के साथ पूरे समय मौजूद रहीं और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

माल्यार्पण व कैंडल मार्च से दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद धर्मदेव गुप्ता के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने हाथों में कैंडल लेकर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक ने बताया शहादत का महत्व
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सैनिक धर्मदेव गुप्ता 3 अप्रैल 2021 को नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हो गए उन्होंने अपने कर्तव्यों का पूरी तन्मयता, निष्ठा और बहादुरी के साथ निर्वहन करते हुए अंतिम क्षण तक दुश्मनों का सामना किया और वीरगति को प्राप्त हुए। उनका यह बलिदान देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।धर्मदेव गुप्ता जैसे वीर जवान देश की असली शक्ति हैं। देश के जवान हर परिस्थिति में सीमाओं पर डटे रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं और भारत को सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके बलिदान की बदौलत ही देश में शांति और सुरक्षा कायम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करना सर्वोच्च त्याग है, जिससे हर नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नई पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना से जोड़ें, ताकि देश को भविष्य में भी ऐसे वीर सपूत मिलते रहें।

युवाओं को दी प्रेरणा, परिवार को सम्मान
एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह ने कहा कि युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए। वहीं सीआरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव ने कहा कि जवान का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता और वह सदैव अमर रहता है। उन्होंने शहीद के परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सीआरपीएफ इंस्पेक्टर द्वारा शहीद की पत्नी को अंगवस्त्र व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया और शहीद की वीरगाथा से लोगों को अवगत कराया गया।
श्रद्धांजलि सभा में नम हुईं आंखें
इसके बाद कंपोजिट विद्यालय परिसर में शुक्रवार की देर शाम श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद के बलिदान को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। पूरे माहौल में भावुकता और गर्व का संगम देखने को मिला। सभा के दौरान शहीद के परिजनों को सम्मानित किया गया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में संतोष गुप्ता,भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, शहीद की पत्नी मीना देवी, पिता रामाश्रय, माता कृष्णावती देवी, भाई धनंजय गुप्ता (सीआरपीएफ), आनंद गुप्ता, बहन लक्ष्मीना देवी, प्रधान सजाउद्दीन, राजेन्द्र यादव,मु. मुर्तजा, प्रभु यादव, इनाम, इरफान, कामरान फौजी, मुख्तार,अनिल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद त्रिपाठी ने किया।




