विवाहिता की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
चंदौली धरौली चौकी क्षेत्र के विजय नारायणपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दाउदपुर निवासी वर्षा की शादी 28 फरवरी 2023 को विजय नारायणपुर गांव निवासी प्रिंस यादव के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं थे और दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। पारिवारिक कलह के चलते स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी रहती थी।
शुक्रवार की शाम महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई, जिसके बाद पिता दशमी यादव मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
सूचना मिलने पर धरौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति प्रिंस यादव, ससुर बृजनाथ यादव और सास पार्वती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।




