अतिक्रमण के खिलाफ मुखर हुए लोकतंत्र सेनानी, एसडीएम से लगाई गुहार
इलिया (चंदौली):
ग्राम उसरी स्थित मंगल पांडे अमृत सरोवर में नहर से पानी पहुंचाने वाली वर्षों पुरानी नाली को कुछ लोगों द्वारा पाट दिए जाने का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र सेनानी एवं पूर्व प्रधान रामनिवास पांडे ग्रामीणों के साथ उपजिलाधिकारी चकिया से मिले। उन्होंने मामले की जांच कर नाली को तत्काल बहाल कराने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की।
रामनिवास पांडे ने बताया कि आजादी के बाद से ही नहर से इस सरोवर तक पानी पहुंचाने के लिए नाली बनी हुई है। इसी के माध्यम से पोखरे में पानी भरता रहा है, लेकिन कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ में नाली को पाट दिया है। इससे अमृत सरोवर में पानी का आवागमन बंद हो गया है और उसके अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने इस पोखरे को मंगल पांडे अमृत सरोवर के रूप में विकसित कराया है। आरोप लगाया कि जिन लोगों ने नाली को पाटा है, उन्हीं लोगों ने सरोवर के कुछ हिस्से एवं भीटे की भूमि पर भी पक्का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व विभाग की टीम भेजकर मौके की जांच कराने, अतिक्रमण हटाने तथा नाली को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की है।
एसडीएम विकास मित्तल ने शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




