मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, स्मार्ट मीटर वापस लेने से लेकर 200 दिन मनरेगा रोजगार की उठाई मांग
शहाबगंज (चंदौली):
अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय परिसर में छह सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने तथा पूर्व की तरह सामान्य बिजली मीटर लगाने की मांग की गई। साथ ही किसानों को 200 से 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
किसान सभा ने सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा राशन कार्ड धारकों को बेहतर खाद्यान्न उपलब्ध कराने, सभी प्रकार की पेंशन राशि बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में शहाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 30 बेड का अस्पताल स्थापित करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही। वहीं क्षेत्र की छात्राओं की उच्च शिक्षा को देखते हुए शहाबगंज में महिला महाविद्यालय की स्थापना तथा मनरेगा में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 200 दिन करने और मजदूरी बढ़ाने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान लालचंद सिंह, शंभू नाथ सिंह, परमानंद मौर्य, भृगुनाथ, लालमनी, सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।अध्यक्षता स्वामीनाथ व संचालन नंदलाल ने किया




