सत्येंद्र चंद्र निगम को मिला 171 लोगों का समर्थन, एक वर्ष से रिक्त चल रही थी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान
शहाबगंज (चंदौली)। राममाड़ो गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का चयन दुसरी बार बुधवार को हो-हल्ला और गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। करीब एक वर्ष से रिक्त चल रही दुकान के चयन के लिए पांच लोगों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के दौरान आवेदकों के समर्थकों को अलग-अलग कतारों में खड़ा कर बारी-बारी से उनकी गिनती कराई गई। इसमें सत्येंद्र चंद्र निगम के पक्ष में सर्वाधिक 171 लोगों ने समर्थन जताया। इसके बाद चुनाव अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश कुशवाहा ने सत्येंद्र चंद्र निगम को उचित दर विक्रेता के रूप में चयनित होने की घोषणा की।
दुकान रिक्त होने के कारण गांव के पात्र राशनकार्ड धारकों को सरकारी खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में चयन प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्सुकता रही। बुधवार को चयन के दौरान विभिन्न आवेदकों के समर्थकों की मौजूदगी से माहौल गहमागहमी भरा रहा। निष्पक्ष ढंग से चयन संपन्न कराने के लिए अधिकारियों की निगरानी में समर्थकों की गिनती कराई गई।
चयन प्रक्रिया के दौरान एडीओ पंचायत अरविंद सिंह, ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र भारती और ग्राम प्रधान पवन प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में चयन प्रक्रिया पूरी कराई गई।
एक वर्ष से रिक्त चल रही दुकान के लिए चयन संपन्न होने के बाद अब ग्रामीणों को उचित दर की दुकान के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।




