वन विभाग और पुलिस टीम पर हमले के मामले में कार्रवाई, अवैध असलहा व स्विफ्ट कार बरामद
चकिया, चन्दौली। जनपद में अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना चकिया पुलिस ने वन विभाग की टीम पर हमले और उपद्रव के मामले में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपित ने पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से प्रयास विफल हो गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध 315 बोर तमंचा, मिस कारतूस, स्विफ्ट कार और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस अनुसार, 9 मई 2026 को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे वन विभाग की टीम के साथ चन्द्रप्रभा रेंजरी वन क्षेत्र के ग्राम अलीपुर भांगड़ा में अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर थाना चकिया प्रभारी अर्जुन सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त कार्रवाई के दौरान टीम ने एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को बिना अनुमति अवैध खनन करते हुए पकड़ा।
बताया गया कि जब वन विभाग और पुलिस टीम जब्त वाहनों को कब्जे में लेकर वापस लौट रही थी, तभी गायघाट निवासी महेन्द्र राव, उनके भाई विजेन्द्र राव समेत करीब 80 से 100 लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया। भीड़ में महिला और पुरुष दोनों शामिल थे। आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस और वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया तथा राहगीरों के साथ अभद्रता भी की।
इस मामले में थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 118/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपित एक सफेद स्विफ्ट कार से गणेशपुर बंधी के पास मौजूद हैं। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कार का दरवाजा खुलते ही आरोपित संदीप कुमार ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया, हालांकि गोली पुलिस कर्मियों को नहीं लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में शिकारगंज थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन और परदेशी पुत्र महादेव शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे महेन्द्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने गए थे। उन्होंने भीड़ को उग्र बनाने और पुलिस कब्जे से जेसीबी व ट्रैक्टर छुड़ाने में सहयोग किया था। घटना के बाद से दोनों लगातार छिपते फिर रहे थे और शेरवा की ओर जाने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक मिस कारतूस, स्विफ्ट कार संख्या UP67AF6780 तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव तथा कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।




