पांच बोरी की सीमा पर नाराजगी
इलिया चंदौली । धान की फसल में खाद की जरूरत बढ़ने के साथ ही मंगलवार को इलिया सहकारी समिति पर डीएपी लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। समिति पर करीब 300 बोरी डीएपी पहुंचने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। घंटों कतार में खड़े किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिलने और अधिकतम पांच बोरी दिए जाने की सीमा से नाराजगी रही।
किसानों का कहना है कि बड़े क्षेत्रफल में खेती करने वाले किसानों के लिए पांच बोरी डीएपी पर्याप्त नहीं है। किसान हिफजूर रहमान खान ने बताया कि उनके पास 10.5 हेक्टेयर खेत है, लेकिन अब तक उन्हें एक बोरी खाद नहीं मिली थी। मंगलवार को समिति पहुंचने पर पांच बोरी देने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि इतने बड़े क्षेत्रफल के लिए पांच बोरी खाद पर्याप्त नहीं है।

किसानों के अनुसार समिति पर 300 बोरी डीएपी आने के बावजूद मांग के सापेक्ष खाद कम पड़ गई। कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल सकी। किसानों ने कहा कि धान की फसल के इस महत्वपूर्ण दौर में पर्याप्त खाद नहीं मिलने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों ने खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समिति को प्राप्त खाद, वितरण और शेष स्टॉक का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। किसानों ने कृषि विभाग और जिला प्रशासन से मांग के अनुरूप पर्याप्त डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की है।




