भोका बंधी के गेट मरम्मत, ड्रेन सफाई और गेहूं खरीद में लापरवाही को लेकर हुआ हंगामा
चन्दौली।
जिला मुख्यालय पर आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे किसानों और किसान प्रतिनिधियों ने सिंचाई, बिजली, सरकारी गेहूं खरीद, ड्रेनों की सफाई और बोरिंग जैसी समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। कार्यक्रम के दौरान कई मुद्दों को लेकर किसानों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भारी शोर-शराबे और हंगामे के बीच किसानों ने संबंधित विभागों पर समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
किसान विकास मंच के नेता सरोज कुमार यादव ने शिकारगंज क्षेत्र स्थित भोका बंधी के चारों गेटों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गेट खराब होने से किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो खेती प्रभावित होगी। किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने गेहूं की सरकारी खरीद व्यवस्था को लेकर डिप्टी आरएमओ राघवेन्द्र सिंह से सवाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद केंद्रों पर किसानों को परेशान किया जा रहा है तथा कई जगहों पर खरीद प्रक्रिया धीमी चल रही है, जिससे किसानों को मजबूरी में औने-पौने दाम पर गेहूं बेचना पड़ रहा है।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने खिलची ड्रेन, खखड़ा तथा केरायगांव ड्रेन की सफाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से सफाई न होने के कारण पानी निकासी बाधित है और खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता से बेलावर बंधी में कुलावे की ऊंचाई को लेकर चल रहे विवाद का त्वरित निस्तारण करने की भी मांग की।
किसान दिवस में मौजूद विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान में देरी को लेकर विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। किसानों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्र मोहन गर्ग ने की। इस दौरान उप कृषि निदेशक, मुख्य विकास अधिकारी, एडीएम, कृषि अधिकारी डॉ. विनोद यादव समेत खेती और सिंचाई से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय के नेतृत्व में संगठन के कई कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। इनमें सुजीत सिंह, अरुण कुमार सिंह, विकास चौहान, भारत चौहान, सरोज कुमार, कमलेश सिंह, राम अवध सिंह, असलम खान और अशोक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




