चकिया के माली स्वीट और बनारस स्वीट से गुलाब जामुन व बर्फी के नमूने जांच के लिए गए
चंदौली एक्सप्रेस
चकिया, चंदौली।
आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शासन एवं जिलाधिकारी चंदौली के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चकिया कस्बे के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान मिठाई की दुकानों पर तैयार और बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच करते हुए नमूने संकलित किए गए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में तथा कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम इन दिनों जनपद के विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिठाइयों की बढ़ने वाली मांग को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम चकिया कस्बे में पहुंची और तहसील के समीप स्थित माली स्वीट एवं बनारस स्वीट प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम ने दुकानों में तैयार की जा रही मिठाइयों और उनके रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से गुलाब जामुन एवं बर्फी के नमूने संकलित किए गए। सभी नमूनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिठाई एवं खाद्य कारोबारियों में हलचल देखने को मिली। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणधीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।




