पालपुर विद्यालय के दो शिक्षकों के विवाद के बीच 2022 की वायरल फोटो बनी चर्चा का विषय, शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
शहाबगंज, चंदौली।
विकासखंड शहाबगंज के प्राथमिक विद्यालय पालपुर में चल रहे शिक्षकों के विवाद के बीच वर्ष 2022 की एक पुरानी तस्वीर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हुई इस तस्वीर में एक शिक्षक विद्यालय परिसर में कुर्सी पर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इसका संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया है।

जानकारी के अनुसार वायरल तस्वीर पर 17 अगस्त 2022, दोपहर 1:22 बजे का समय अंकित है। इसके अलावा 18 अगस्त 2022, दोपहर 12:02 बजे की एक अन्य तस्वीर भी सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है। दोनों तस्वीरों के दोबारा वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय पालपुर में इन दिनों दो शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह पुराना मामला फिर सामने आया है। विद्यालय में छात्रों की पिटाई के आरोप और शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद के बीच वायरल तस्वीरों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि इन्हीं तस्वीरों के आधार पर विभाग ने संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वर्ष 2022 में जब यह तस्वीर पहली बार सामने आई थी, तब विभाग की ओर से कोई कार्रवाई की गई थी या नहीं। ऐसे में करीब चार वर्ष पुराने मामले में अब कार्रवाई शुरू होने को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तस्वीर उस समय विभाग के संज्ञान में थी तो तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वायरल तस्वीरों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। फिलहाल पालपुर प्राथमिक विद्यालय का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और विभाग की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।




