रात के अंधेरे में खेत-मेड़ों के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे थे गोवंश, पांच साथी मौके से फरार
इलिया । थाना इलिया पुलिस ने 10 गोवंशीय पशुओं को वध के लिए बिहार ले जाते समय एक शातिर पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके पांच साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से गोवध, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
12 मई 2026 को सुबह करीब 3:06 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम खखड़ा स्थित सत्य स्थान आश्रम के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान 10 गोवंशीय पशुओं को क्रूरता पूर्वक मुंह रस्सियों से बांधकर मारते-पीटते पैदल हांकते हुए बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। मौके से गुड्डू सोनकर पुत्र गजाधर सोनकर निवासी ग्राम भूसी, थाना शहाबगंज, जनपद चन्दौली (उम्र करीब 34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने पांच साथियों के साथ आसपास के गांवों से बिना बच्चों वाली गाय और सांड को कम कीमत पर खरीदता था। इसके बाद रात के अंधेरे में खेतों और मेड़ों के रास्ते ग्राम भेवार होते हुए चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) ले जाकर वध के लिए ऊंचे दामों पर बेच देता था। इसी अवैध कारोबार से वह अपना जीवनयापन करता था।
आरोपी के विरुद्ध थाना इलिया में मु0अ0सं0 39/2026 के तहत धारा 3/5A/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार पांच साथियों की तलाश में जुटी है।
गुड्डू सोनकर का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा दहेज हत्या समेत कई गंभीर मामलों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक साहबदीन यादव, कांस्टेबल रघुवंश लाल, आरक्षी चालक अंदीप कुमार, आरक्षी चालक अतुल सिंह तथा पीआरडी जवान शिवम तिवारी सामिल रहे।




