दो दिवसीय प्रशिक्षण में बूथ प्रबंधन से लेकर सोशल मीडिया तक पर हुई गहन चर्चा, 2027 चुनाव की तैयारियों को मिला धार
कार्यकर्ताओं को दिए गए संगठन मजबूती के गुर
चकिया/चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के अंतर्गत शहाबगंज मंडल की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मृत्युंजय पांडेय संस्कृत महाविद्यालय, बरहुआ में किया गया। यह कार्यशाला 30 मार्च को प्रारंभ होकर 31 मार्च को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यशाला के प्रथम सत्र का शुभारंभ अनिल सिंह द्वारा किया गया। दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति को केंद्र में रखकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, कार्य पद्धति को प्रभावी ढंग से लागू करने, पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान को समझने और सोशल मीडिया के माध्यम से जनसंपर्क बढ़ाने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक कैलाश आचार्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य अब दूर नहीं है, लेकिन इसे पूर्ण करने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विधायक ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने, जनता के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य की जीत की नींव रखते हैं।
इस दौरान काशीनाथ सिंह, उमाशंकर सिंह, प्रदीप मौर्य, अनुग्रह नारायण सिंह, बंटी, छत्रबली सिंह, प्रेम नारायण, अजय पांडे, सनी दयाल, मनोज, अरविंद, अनीश सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।




