नौकरी-मकान का झांसा देकर महिलाओं को बनाते थे निशाना, चार गिरफ्तार
चंदौली एक्सप्रेस | मुगलसराय।
मुगलसराय थाने की नई कमान संभालते ही नवागत थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिलाओं को नौकरी और मकान दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। चार्ज संभालने के कुछ ही घंटों बाद अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने डहिया बद्रीपुरम कालोनी स्थित एक मकान पर दबिश देकर गिरोह के सरगना समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरोह महिलाओं को नौकरी या मकान दिलाने के बहाने अपने ठिकाने पर बुलाता था। वहां उन्हें बंधक बनाकर अश्लील वीडियो बनाए जाते और उसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता व उसके परिजनों से रुपये वसूले जाते थे। एक मामले में गिरोह की महिला सदस्य खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़िता को डराती-धमकाती थी। दो पीड़िताओं की शिकायत पर मुगलसराय थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपितों में विजय कुमार गुप्ता उर्फ संजय गुप्ता उर्फ रॉकी, कृष्ण कुमार गुप्ता, विशम्भर विश्वकर्मा और अंजली गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट, एक पल्सर और एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक विजय कुमार गुप्ता गिरोह का सरगना है। विशम्भर महिलाओं को नौकरी और मकान का झांसा देकर डहिया स्थित मकान तक पहुंचाता था, जबकि अंजली गुप्ता खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़िताओं को धमकाती थी। पुलिस ने मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं की भी जांच की जा रही है।




