चकिया-चंदौली मार्ग के किनारे जलभराव से ग्रामीण परेशान, कर्मनाशा लेफ्ट नहर खाली होने के बावजूद नहीं हो रही पानी की निकासी
चंदौली एक्सप्रेस,शहाबगंज !चंदौली विकास क्षेत्र के तियरा गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लगातार बारिश के बाद गांव के आसपास जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। चकिया-चंदौली मार्ग के पूर्वी दिशा में पानी जमा होने के कारण अब कई लोगों के घरों में भी पानी घुसने लगा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि चकिया-चंदौली मार्ग के किनारे जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। पानी का निकास नहीं होने से धीरे-धीरे जलस्तर बढ़ रहा है और आसपास के मकानों तक पानी पहुंच गया है। स्थिति यह है कि लोगों को घरों से निकलने और आने-जाने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नहर खाली, फिर भी नहीं निकल रहा पानी
ग्रामीणों के अनुसार गांव के समीप कर्मनाशा लेफ्ट नहर मौजूद है और वर्तमान में नहर में पानी भी नहीं है। इसके बावजूद जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी नहर तक नहीं पहुंच पा रहा है। यदि पानी की निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था कर दी जाए तो जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक पानी निकासी के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जलभराव से बढ़ रही परेशानी

लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। घरों के आसपास पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि शीघ्र पानी की निकासी नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए नाले और जल निकासी मार्ग को दुरुस्त कर कर्मनाशा राइट नहर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। केवल बारिश के दौरान अस्थायी रूप से पानी निकालने के बजाय जल निकासी की स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे दिवस होकर आंदोलन का रुख अख्तियार करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान हर वर्ष ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता। यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।



