पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश को जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, जंगल में कॉम्बिंग कर दूसरे आरोपी को भी दबोचा
चकिया चंदौली।
जनपद में वांछित एवं शातिर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलिया थाने के 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी जंगल में भागने के प्रयास के दौरान कॉम्बिंग कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
तमंचा, दो कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को थाना चकिया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम गांधी नगर पुलिया क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों तेज गति से लतीफशाह की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गांधीनगर-लतीफशाह मार्ग पर उन्हें घेरने का प्रयास किया। बचने के लिए दोनों बदमाश बाइक को जंगल की ओर मोड़कर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें फायरिंग कर रहा बदमाश घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुलहसन निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार बताया। पुलिस के अनुसार वह थाना इलिया से वर्ष 2025 से वांछित चल रहा था तथा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
घटना के दौरान दूसरा बदमाश जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई।
घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अली हसन उर्फ शेरू अंसारी के विरुद्ध थाना इलिया में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बरामदगी: एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में थाना चकिया पुलिस एवं प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में स्वाट/एसओजी टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




