बिहार से वाराणसी ले जाई जा रही थी खेप, बरामद गांजे की कीमत करीब 5 लाख रुपये
चंदौली एक्सप्रेस | चकिया
चंदौली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना चकिया क्षेत्र से 21.780 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। वहीं उसका एक साथी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में सोमवार को जलेबिया मोड़ के नीचे हेमइया मंदिर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नौगढ़ की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन बाइक रोक ली गई। इसी बीच चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि पीछे बैठे लालजी यादव पुत्र शिवनाथ यादव, निवासी ग्राम जमसोत, थाना चकरघट्टा को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे से टेप से लिपटे 11 बंडलों में 21.780 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी घरभरन यादव के साथ बिहार से गांजा लाकर वाराणसी में बिक्री के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में थाना चकिया पर मु.अ.सं. 198/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




