बैरियर तोड़कर भाग रहे पिकअप वाहनों को पुलिस ने घेरकर पकड़ा, कुचलने की भी हुई कोशिश
चन्दौली: थाना सैयदराजा पुलिस ने गौतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 गोवंशों को बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनएच-2 हाईवे पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां तस्कर पिकअप वाहनों में गोवंशों को वध के लिए ले जा रहे थे। पुलिस की सक्रियता से न केवल तस्करी पर रोक लगी बल्कि एक बड़ा नेटवर्क भी उजागर होने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में गौतस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
26 मार्च 2026 को पुलिस टीम सैयदराजा तिराहे पर मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध पिकअप वाहन चन्दौली की तरफ से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जेठमलपुर तिराहे पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों पिकअप वाहन तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए।
पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वाहन चालकों ने रफ्तार और बढ़ा दी और बैरियर तोड़ते हुए भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलकर जान से मारने की कोशिश भी की। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए दोनों वाहनों की घेराबंदी कर दी।
एक पिकअप वाहन (MP17ZS3374) बैरियर से टकराकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई, जबकि दूसरी पिकअप (UP70NT0913) सर्विस लेन में जाकर बंद हो गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही एक वाहन के चालक और परिचालक को पकड़ लिया, जबकि दूसरे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इख्तियार खाँ निवासी मऊगंज, मध्य प्रदेश और पंकज आदिवासी निवासी मऊगंज, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 19 गोवंश बरामद किए, जिनमें एक मृत पाया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 90/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायूं सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में गौतस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




