गोलू ज्वेलरी लूट प्रयास मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी मुठभेड़ में घायल
चकिया/ चंदौली : जनपद के चकिया थाना क्षेत्र के सैदूपुर स्थित गोलू ज्वेलरी दुकान पर हुए लूट के प्रयास मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीष यादव के साथ गुरुवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सैदूपुर स्थित गोलू ज्वेलरी की दुकान पर तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया था। बदमाशों ने दुकान पर बैठी पूजा वर्मा को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से एक बदमाश को मौके से देसी कट्टा और कारतूस के साथ पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने सरैया गांव के पास से दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया था। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों की पहचान मनीष यादव और संदीप चौधरी निवासी अकोढ़ी थाना रामगढ़, जिला भभुआ के रूप में हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस गुरुवार को मनीष यादव को असलहा बरामदगी के लिए बनरसिया गांव लेकर गई थी।
बताया जा रहा है कि बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मनीष यादव के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं फरार तीसरे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




