हल्की बारिश में ही टपकने लगा तीन साल पुराना ब्लॉक सभागार, जांच की मांग
चंदौली एक्सप्रेस
शहाबगंज (चंदौली) ब्लॉक मुख्यालय परिसर में लाखों रुपए से बना विकास खंड का सभागार हल्की बारिश में ही टपकने लगा है। बारिश के दौरान छत से पानी रिसने से सभागार के अंदर पानी जमा हो गया। इससे भवन की निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि सभागार के निर्माण और उद्घाटन से संबंधित शिलापट्ट पर पंचम वित्त आयोग योजना वर्ष 2022-23 का उल्लेख है।

सभागार के बाहर लगे शिलापट्ट के अनुसार इसका निर्माण पंचम वित्त आयोग योजना वर्ष 2022-23 के अंतर्गत कराया गया था। शिलापट्ट पर सभागार के उद्घाटन के लिए मुख्य अतिथि विधायक चकिया कैलाश जी आचार्य, विशिष्ट अतिथि छत्रबली सिंह, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत चंदौली, तथा श्रीमती गीता देवी, ब्लाक प्रमुख शहागंज चंदौली का नाम दर्ज है। इसके अलावा डीएम, सीडीओ,व खंड विकास अधिकारी का नाम भी शिलापट्ट पर अंकित हैं।
सरकारी योजना के तहत तैयार किए गए इस सभागार का उपयोग ब्लॉक स्तरीय बैठकों, अधिकारियों की समीक्षा बैठक और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के लिए किया जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण भवन की छत हल्की बारिश में ही टपकने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। बारिश के दौरान पानी के रिसाव से सिलिंग पीबीसी फर्श और दीवारों के साथ ही सभागार में रखे फर्नीचर व अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भवन की छत सामान्य बारिश का पानी भी नहीं रोक पा रही है तो निर्माण के दौरान इस्तेमाल की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर पानी रिसने की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
शिलापट्ट पर दर्ज नाम और योजना वर्ष अब भवन की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं कि आखिर निर्माण के कुछ ही समय बाद सभागार की छत से पानी क्यों टपकने लगा। लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।




