चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, होली में हवाई फायरिंग की बात कबूली
सैयदराजा (चंदौली): थाना सैयदराजा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचे (315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सैयदराजा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर ग्राम फेसुड़ा के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में समरेन्द्र सिंह उर्फ छोटू एवं रोहित यादव दोनों निवासी ग्राम फेसुड़ा थाना सैयदराजा जनपद चंदौली शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध असलहे (.315 बोर) व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूरे मामले का पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रोहित यादव ने बताया कि होलिका दहन के दिन उसने समरेन्द्र सिंह से पिस्टल लेकर शौकिया फोटो और वीडियो बनाए थे। वहीं समरेन्द्र सिंह ने बताया कि उसने उक्त पिस्टल बिहार के रोहतास जिले से करीब 30 हजार रुपये में खरीदी थी। होली के दिन गांव में विवाद के दौरान उसने छत से एक राउंड हवाई फायर भी किया था। बाद में पुलिस के डर से उसने पिस्टल को बिहार में ही एक अज्ञात व्यक्ति को 16 हजार रुपये में बेच दिया।
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 89/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त समरेन्द्र सिंह उर्फ छोटू पर पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगेस्टर एक्ट, लूट, मारपीट व अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त रोहित यादव पर भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस अभियान में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक रामकुमार दूबे, सुनील कुमार, अवधेश नारायण सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।




