मुगलसराय पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, नकदी, मोबाइल व हथियार बरामद,
चंदौली,
मुगलसराय थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरी वारदात की साजिश खुद वाहन चालक ने ही रची थी। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 23 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक अवैध तलवार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को मिर्जापुर जनपद के सुरहा निवासी रविन्द्र कुमार और फिरोजपुर निवासी रोहित सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि वे गोला बाजार, गोरखपुर से धान बेचकर मैजिक वाहन से लौट रहे थे। देर रात करीब एक बजे कुरहना ओवरब्रिज के पास वाहन रोककर पेशाब करने के दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार के बल पर उनसे मारपीट कर 45 हजार रुपये, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूट लिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक व सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर 5 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विपिन कुमार सिंह (24 वर्ष), रोहित पटेल (21 वर्ष), आकाश सिंह (20 वर्ष) और विशाल पटेल (19 वर्ष) शामिल हैं, जो मिर्जापुर जनपद के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिकअप वाहन चालक रोहित पटेल ने ही इस लूट की साजिश रची थी। उसने अपने भाई और साथियों को पहले ही वादी के पास मौजूद नकदी की जानकारी दे दी थी। योजना के तहत वाहन को सुनसान स्थान पर रुकवाया गया, जहां पहले से घात लगाए उसके साथी पहुंच गए और लूट की घटना को अंजाम दिया। शक से बचने के लिए आरोपियों ने चालक के साथ भी हल्की मारपीट कर घटना को वास्तविक दिखाने की कोशिश की।
घटना के बाद सभी आरोपियों ने लूट की रकम का आपस में बंटवारा कर लिया था और कुछ पैसे खर्च भी कर दिए थे। 5 अप्रैल को शेष रकम के बंटवारे के लिए इकट्ठा होने पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।
सुनिए कप्तान साहब को




