लेवा–तियरा रोड पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें
दो बहनें गंभीर हालत में वाराणसी रेफर,

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। अम्मर डहिया गांव के समीप लेवा–तियरा रोड पर गुरुवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 102 एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो बहनों की हालत नाजुक देख उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी 22 वर्षीय अजीत यादव के रूप में हुई है। हादसे में उसकी बहनें 25 वर्षीय मोनी यादव और 26 वर्षीय पूनम यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक से चकिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, अजीत का बुधवार को ही तिलक हुआ था। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। तिलक के अगले ही दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम छा गया है। गांव में शोक की लहर है और घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार गूंज रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




