अधिकारियों से 32 बार फरियाद, अब विधायक के सामने ग्रामीणों ने रखी समस्या
शहाबगंज! चंदौली विकासखंड के बनरसिया गांव में रविवार को विधायक कैलाश आचार्य ने पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की गलियां वर्षों से बदहाल हैं। जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। कई मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे पैदल चलने के साथ ही दोपहिया वाहनों से आवागमन भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की समस्या को लेकर ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। जिलाधिकारी को अब तक 32 प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद गलियों और मार्गों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने विधायक से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक कैलाश आचार्य ने गांव के बदहाल मार्ग को जल्द बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक ने सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की बात भी कही।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद वर्षों से चली आ रही सड़क, जलभराव और कीचड़ की समस्या का समाधान हो सकेगा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, होसीला यादव, तुलसी चौहान, हंसराज चौहान, अयोध्या सिंह, रामबली सिंह, शैलेश सिंह, दशमी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




