करवदिया में चेकिंग के दौरान शराब तस्करी का खुलासा, दो पकड़े गए
इलिया चंदौली। थाना इलिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए रविवार को करवदिया कब्रिस्तान के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 69.120 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के बोरों से आठ पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक पेटी में 48 टेट्रा पैक पाए गए, जिनकी क्षमता 180 एमएल प्रति पैक थी। इस प्रकार कुल मिलाकर करीब 69.120 लीटर शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे शराब को बिहार ले जाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपित
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
आनंद कुमार यादव, निवासी ग्राम मदुसा, थाना चैनपुर, कैमूर (भभुआ)
विकास कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम इलिया, जनपद चंदौली
के रूप में हुई है।
मोटरसाइकिल सीज
पुलिस ने आरोपितों के पास से बरामद दो मोटरसाइकिलों को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
गिरफ्तारी के दौरान थाना प्रभारी चंदन कुमार राय के साथ चौकी इंचार्ज गिरीश बल्लभ शुक्ला, पुलिसकर्मी पंकज यादव एवं मोती विश्वकर्मा मौजूद रहे।




