कम एम एम केबल व अत्यधिक लोड के चलते फिर बिगड़ी बिजली व्यवस्था, लोगों में आक्रोश
इलिया (चंदौली): कस्बा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई, जब एक दिन पूर्व जली केबल की मरम्मत के बाद गुरुवार की शाम बिजली आपूर्ति शुरू होते ही 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक धू-धू कर जलने लगा। घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले ही कस्बे में बिजली के केबल में आग लग गई थी, जिसके बाद विभाग ने मरम्मत कार्य कराया था। गुरुवार की शाम जैसे ही बिजली आपूर्ति बहाल की गई, कस्बे में लगा 63 केवीए ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ धधक उठा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े कूड़े में भी आग लग गई, जिससे आग और फैलने लगी।

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत प्रयास कर कूड़े में लगी आग को बुझा दिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
इस घटना के चलते पूरे बाजार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से पानी की समस्या भी गहरा गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बाजार क्षेत्र में 90 एमएम की केबल लगाई गई है, जबकि ग्रामीणों द्वारा पहले से ही 120 एमएम केबल लगाने की मांग की जा रही थी। विभाग द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक केबल नहीं बदली गई, जिससे लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस संबंध में जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है शीघ्र ही 120 म का केवल लगाकर बिजली आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा।




