सारिंगपुर में ब्लॉक स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचने का लिया संकल्प, संगठन को सक्रिय बनाने पर हुई चर्चा
शहाबगंज (चंदौली)। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को विकास खंड शहाबगंज के सारिंगपुर गांव में सपा की ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक महासचिव अरविंद पांडेय के आवास पर हुई ।बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव और स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा को दोबारा विजयी बनाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि चुनाव में संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण होता है। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने की जरूरत है। शिक्षक और स्नातक मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें प्रत्याशियों के बारे में जानकारी देने तथा चुनाव से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने चुनावी अभियान को लेकर आपसी संवाद बनाए रखने और संगठन की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने पर सहमति जताई। बैठक में स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता सपा ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट सुनील सिंह (मुखिया) ने की, जबकि संचालन ब्लॉक महासचिव अरविंद पांडेय ने किया।
इस अवसर पर विकास यादव, गोपाल खरवार, कृष्ण सेवक पांडेय, तौसिफ खान, अब्बू हरैरा, अभिषेक सिंह, हनुमान पांडेय, दीनबंधु सिंह, शैलेंद्र बिंद और रामप्रकाश यादव सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




