सुबह टहलकर थाने लौटे थे दरोगा, तबीयत बिगड़ने पर पीएचसी शाहाबगंज में कराया गया भर्ती; चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, परिजनों को दी गई सूचना
इलिया । जनपद चंदौली के इलिया थाने पर तैनात उपनिरीक्षक विजय कुमार राय की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक चर्चा में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक विजय कुमार राय ( 52 वर्ष )(पीएनओ नंबर 942410660), पुत्र स्वर्गीय विद्यासागर राय, निवासी ग्राम काछीकला, थाना कोपागंज, जनपद मऊ, वर्तमान में चंदौली जनपद के इलिया थाने पर तैनात थे। गुरुवार सुबह वह टहलने के बाद थाने पर लौटे। कुछ देर बाद वह अस्वस्थ महसूस करने लगे। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी तबीयत बिगड़ती देख इसकी जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक हरी नारायण पटेल को दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर अस्पताल पहुंचाया
स्थिति को गंभीर देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हरी नारायण पटेल के निर्देश पर पुलिसकर्मी उपनिरीक्षक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से थाने के पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए।
परिजनों को दी गई सूचना
उपनिरीक्षक विजय कुमार राय की मौत के बाद पुलिस विभाग की ओर से उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस विभाग की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सुबह सामान्य दिनचर्या के बाद अचानक हुई इस घटना से साथी पुलिसकर्मियों में दुख का माहौल है। फिलहाल हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।




