चन्दौली में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन नाबालिग बच्चों किया था सकुशल बरामद । उत्कृष्ट कार्य के लिए सीओ और थानाध्यक्ष को मिला सम्मान
चन्दौली। जनपद में पुलिस की सक्रियता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में मुगलसराय थाना क्षेत्र से गायब हुए तीन नाबालिग बच्चों को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2026 को थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 169/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत नाबालिग बच्चों के गुम होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया और लोकेशन के आधार पर जनपद गाजीपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया। पुलिस की तत्परता के चलते मात्र 24 घंटे के भीतर तीनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दिनांक 15 अप्रैल 2026 को क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता जनपद पुलिस की सजगता, संवेदनशीलता एवं प्रभावी पुलिसिंग का प्रतीक है।




